स्पिनिंग मिलों की मांग बढ़ने से उत्तर भारत के राज्यों में कॉटन तेज, दैनिक आवक रुकी
Posted on 16-Aug-2022
स्पिनिंग मिलों की मांग बढ़ने के कारण उत्तर भारत के राज्यों में मंगलवार को कॉटन की कीमतों में तेजी दर्ज की गई, जबकि इन राज्यों की मंडियों में कपास की दैनिक आवक रुक गई।
विदेशी बाजार में सोमवार को कॉटन की कीमतों में तेजी आई थी। आईसीई कॉटन के दिसंबर वायदा अनुबंध में 400 प्वांइट की तेजी आकर भाव 113.59 सेंट हो गए। मार्च-2023 वायदा अनुबंध में भी 400 प्वांइट की तेजी आकर भाव 110.64 सेंट हो गए। इस दौरान जुलाई-23 वायदा अनुबंध में 400 प्वाइंट की तेजी आकर भाव 106.15 सेंट हो गए। आज भी आईसीई के इलेक्ट्रानिक ट्रेडिंग में कॉटन की कीमतें तेज हैं।
उत्तर भारत के कपास उत्पादक क्षेत्रों में मौसम साफ है। व्यापारियों के अनुसार विदेशी बाजार में सोमवार को भी कॉटन की कीमतों में तेजी आई थी, साथ ही आज इलेक्ट्रानिक ट्रेडिंग में भी कीमतें तेज हैं। इसलिए घरेलू बाजार में कॉटन की कीमतों में भी तेजी आई है, हालांकि बढ़े हुए भाव में मिलें केवल जरुरत के हिसाब से ही कॉटन की खरीद कर रही हैं। इन राज्यों की मिलों के पास कॉटन का बकाया स्टॉक सीमित मात्रा में ही बचा हुआ है, जबकि जिनर्स भाव घटाकर गांठों की बिकवाली नहीं कर रहे हैं। जानकारों के अनुसार मौसम साफ रहा तो हरियाणा की मंडियों में अगेती कपास की आवक आगामी दिनों में बढ़ेगी, साथ ही राजस्थान की खैरथल और अलवर लाईन में भी नई कपास की आवक चालू महीने के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि इन राज्यों में कपास की आवकों का दबाव सितंबर में ही बनेगा। इसलिए कॉटन की कीमतों में अभी बड़ी गिरावट के आसार नहीं है।
घरेलू वायदा बाजार में आज कॉटन की कीमतों में तेजी का रुख देखा गया। एनसीडीईएक्स पर अप्रैल-23 वायदा अनुबंध में कपास की कीमतें 4.82 फीसदी तेज हो गई, जबकि एमसीएक्स पर अगस्त वायदा अनुबंध में कॉटन के भाव में 970 रुपये की तेजी आकर भाव 49,560 रुपये प्रति गांठ हो गए।
उत्तर भारत के राज्यों में हरियाणा की मंडियों में नई कपास की आवक घटकर 150 गांठ की हुई, जबकि शनिवार को भी इतनी ही गांठ की आवक हुई थी।
कपास के भाव पंजाब एवं हरियाणा लाईन की मंडियों में 8,200 से 9,400 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए, जबकि ऊपरी राजस्थान लाईन में इसके भाव 8,400 से 9,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। बिनौला के भाव पंजाब और हरियाणा लाईन में 3,450 से 3,950 रुपये एवं ऊपरी राजस्थान लाईन में 3,550 से 4,000 रुपये प्रति क्विंटल बोले गया।
पंजाब में रुई हाजिर डिलीवरी के भाव 10,200 से 10,400 रुपये प्रति मन यानि कैंडी के हिसाब से 97,000 से 99,000 रुपये बोले गए।
हरियाणा में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के 9,600 से 10,200 रुपये प्रति मन, यानि कैंडी में 93,000 से 98,000 रुपये बोले गए।
ऊपरी राजस्थान में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के 10,200 से 10,400 रुपये प्रति मन, यानि कैंडी में 97,000 से 99,000 रुपये बोले गए।
राजस्थान के पिलानी में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के 9,900 से 10,300 रुपये प्रति मन बोले गए।
लोअर राजस्थान में रुई के भाव हाजिर डिलीवरी के 93,000 से 95,000 रुपये कैंड़ी हो गए।
